Breaking News

सीतारमण ने कहा- गरीबी उन्मूलन के लिए वित्त, डिजिटल अर्थव्यवस्था तक व्यापक पहुंच जरूरी


व्यापार 23 November 2026
post

सीतारमण ने कहा- गरीबी उन्मूलन के लिए वित्त, डिजिटल अर्थव्यवस्था तक व्यापक पहुंच जरूरी

नई दिल्ली, 23 नवंबर । केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को कहा कि गरीबी खत्म करने और इससे बाहर निकले लोगों को वापस गरीबी में जाने से रोकने के लिए वित्त, बाजार और डिजिटल अर्थव्यवस्था तक व्यापक पहुंच जरूरी है।

सीतारमण ने 'द डिकेड इंडिया टर्न्ड द टाइड ऑन पॉवर्टी' शीर्षक से मीडिया में प्रकाशित एक लेख पर अपने लिंक्डइन एकाउंट पर एक पोस्ट में लिखा कि गरीबी से बाहर निकल चुके लोगों को दोबारा गरीबी में फिसलने से रोकने और बचे हुए वंचित वर्गों को ऊपर उठाने के लिए वित्त, बाजार और डिजिटल अर्थव्यवस्था तक व्यापक पहुंच सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। उन्होंने विश्व बैंक की एक रिपोर्ट का हवाला दिया, जिसमें 2011 और 2023 के बीच लगभग 50 करोड़ भारतीयों के गरीबी से बाहर निकलने की बात कही गई है। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार ने अभावों को दूर करने के लिए लक्षित कदमों, स्पष्ट नतीजों और जरूरत के हिसाब से तैयार योजनाओं पर ध्यान केंद्रित किया है।

सीतारमण ने कहा कि गरीबी का मतलब सिर्फ आय यानी मजदूरी की कमी नहीं है। जिस परिवार के पास रहने के लिए सुरक्षित छत, साफ पानी, साफ-सफाई की सुविधा या स्वास्थ्य सेवा नहीं है, वह तब भी असुरक्षित रहता है। एक बीमारी परिवार की सारी बचत खत्म कर सकती है और उसे वापस गरीबी में धकेल सकती है। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत, पीएम आवास योजना, उज्ज्वला योजना और स्वच्छ भारत जैसी कल्याणकारी योजनाएं मिलकर इन जोखिमों के खिलाफ कवच का काम कर रही हैं, जो कभी परिवारों को वापस गरीबी में धकेल देते थे। साथ ही इनसे घरेलू खर्च में कमी आ रही है और समय भी बच रहा है।

सीतारमण ने कहा कि अगला चरण इस प्रगति को आगे बढ़ाते हुए उन कुछ लोगों को भी गरीबी से बाहर निकालने का है, जो अब भी सबसे निचले पायदान पर हैं। साथ ही यह सुनिश्चित करना है कि जो लोग पहले ही ऊपर उठ चुके हैं, वे आगे बढ़ते रहें और कभी पीछे न फिसलें। विभिन्न उपायों के जरिये दी गई सुरक्षा के साथ अब वित्त, बाजार और डिजिटल अर्थव्यवस्था तक और भी व्यापक पहुंच की जरूरत है। 'विकसित भारत' के सामने मौजूद चुनौतियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार रोजगार से जुड़े प्रोत्साहन, इंटर्नशिप और अप्रेंटिसशिप के जरिये शिक्षा जगत और उद्योग के बीच बेहतर तालमेल बना रही है, जबकि बुनियादी ढांचे में सरकारी निवेश देश को जोड़ रहा है। अवसर केवल कुछ लोगों तक सीमित नहीं रह सकते।

उन्होंने कहा कि सुरक्षा परिवारों को वापस गरीबी में जाने से रोकती है, लेकिन और आगे बढ़ने के लिए उन्हें कमाई के अवसरों की जरूरत होती है।

वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार ने मुद्रा (60 करोड़ ऋण खाते मंजूर किए गए हैं, जिनमें से लगभग दो-तिहाई महिलाओं के हैं) जैसी योजनाओं के जरिये वित्तीय अवसर पैदा किए हैं, जबकि पीएम स्वनिधि और पीएम विश्वकर्मा जैसी योजनाएं रेहड़ी-पटरी वालों और पारंपरिक कारीगरों को सहारा दे रही हैं।

सीतारमण ने आगे लिखा है कि भारत में अस्थायी राहत से आगे बढ़कर गरीबी को बनाए रखने वाली बाधाओं को दूर करने की दिशा में एक बुनियादी बदलाव देखा गया है। उन्होंने कहा कि पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति के कल्याण यानी अंत्योदय के सिद्धांत से प्रेरित होकर सरकार ने हर घर के अभावों को दूर करने का कठिन रास्ता चुना और यह सुनिश्चित किया कि विकास उन लोगों तक पहुंचे जिन्हें इसकी सबसे ज्यादा जरूरत थी।

You might also like!


RAIPUR WEATHER