Breaking News

मनसे नेता संदीप ने शिंदे गुट के शाखा प्रमुख के वायरल वीडियो में 50 से 60 लाख रुपये से भरे बॉक्स मिलने का किया दावा


शहर 24 November 2026
post

मनसे नेता संदीप ने शिंदे गुट के शाखा प्रमुख के वायरल वीडियो में 50 से 60 लाख रुपये से भरे बॉक्स मिलने का किया दावा

मुंबई, 24 नवम्बर । महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के नेता संदीप देशपांडे ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर महाराष्ट्र की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। यह वीडियो शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) के कुलाबा स्थित शाखा क्रमांक 226 के शाखा प्रमुख संतोष पवार का बताया जा रहा है।

वीडियो में संतोष पवार कथित तौर पर एक बॉक्स में बड़ी मात्रा में नकदी दिखाते हुए दावा कर रहे हैं कि उन्हें महानगरपालिका चुनाव के लिए एक वरिष्ठ नेता की ओर से लगभग 50 लाख रुपये दिए गए थे।

वीडियो में किए गए दावे के मुताबिक, संतोष पवार को यह नकदी इस शर्त पर दी गई थी कि वे संबंधित वरिष्ठ नेता के निर्देशों और उनके हिसाब से काम करेंगे। रिपोर्ट के अनुसार, बॉक्स में लगभग 50 से 60 लाख रुपये होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, इस रकम और नकदी के स्रोत की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

मनसे नेता संदीप देशपांडे ने इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करते हुए इसकी प्रामाणिकता और इसमें किए गए दावों की गहन जांच की मांग की है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर एक शाखा प्रमुख को इतनी बड़ी रकम किसने दी और यह पैसा किस उद्देश्य से उपलब्ध करायी गयी थी।

देशपांडे ने संबंधित शाखा प्रमुख से इस मामले में जवाब देने की मांग करते हुए कहा कि यदि चुनाव के दौरान पैसे का इस्तेमाल मतदाताओं को प्रभावित करने या अन्य चुनावी गतिविधियों के लिए किया गया है, तो इसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने इस मामले में संबंधित लोगों की भूमिका स्पष्ट करने की भी मांग की है।

संतोष पवार ने खुद सोशल मीडिया पर नहीं डाला वीडियो

इस पूरे मामले में एक महत्वपूर्ण बात यह भी सामने आई है कि संतोष पवार ने कथित तौर पर यह वीडियो स्वयं किसी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड नहीं किया था। इसके बावजूद वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा शुरू हो गई है। वीडियो किसने रिकॉर्ड किया, किसने इसे सार्वजनिक किया और इसके पीछे क्या कारण था, इन सवालों के जवाब अभी सामने नहीं आए हैं।

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, संदीप देशपांडे ने इस मामले में वार्ड क्रमांक 226 और निर्दलीय उम्मीदवार तेजल पवार का भी उल्लेख किया है। उन्होंने चुनाव के दौरान कथित तौर पर पैसे के इस्तेमाल और वितरण के आरोपों की जांच की मांग की है। हालांकि, वीडियो में दिखाई गई रकम का वास्तव में कहां और किस तरह इस्तेमाल हुआ, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है।

You might also like!


RAIPUR WEATHER