Breaking News

उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद से हरी मटर और सब्जियों की पहली खेप कतर रवाना


व्यापार 24 November 2026
post

उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद से हरी मटर और सब्जियों की पहली खेप कतर रवाना

नई दिल्ली, 24 नवंबर । दुनिया के कई देशों में अपने उत्पाद निर्यात करने वाले उत्तर प्रदेश ने अब सब्जियों का निर्यात भी शुरू कर दिया है। यूपी के फर्रुखाबाद से फ्रोजन सब्जियों की पहली खेप को खाड़ी देश कतर भेजी गई हैं।

कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) के अध्यक्ष अभिषेक देव की अध्यक्षता में 20 नवंबर को वाराणसी में ‘हितधारकों के साथ संवाद’ कार्यक्रम हुआ। इसी दौरान अभिषेक देव ने उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद से फ्रोजन हरी मटर और मिश्रित सब्जियों की पहली निर्यात खेप को वर्चुअल माध्यम से कतर के लिए रवाना किया। इस कार्यक्रम में निर्यातकों और सरकारी एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों के निर्यात से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर चर्चा की। इनमें निर्यात सुविधा, पैकेजिंग, लॉजिस्टिक्स, बाजार तक पहुँच, नियामकीय आवश्यकताएं और संस्थागत सहयोग शामिल थे।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के मुताबिक मेसर्स श्री लक्ष्मी फ्रोजन फूड्स की इस खेप में 63 मीट्रिक टन फ्रोजन हरी मटर और मिश्रित सब्जियां शामिल हैं। यह खेप फर्रुखाबाद से दोहा, कतर पहुंचाने के लिए न्हावा शेवा बंदरगाह के जरिए रवाना की गई है। इस कार्यक्रम में एपीडा, उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि विभाग, ईसीजीसी, डीपीपीक्यूएस, एआईसीएलएएसएस और अन्य संबंधित संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ निर्यातकों, एफपीओ तथा कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्रों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

एपीडा के अधिकारियों ने प्रतिभागियों की समस्याओं पर विचार किया और निर्यात संबंधी चुनौतियों के समाधान तथा अंतरराष्ट्रीय बाजारों में क्षेत्रीय निर्यातकों की ज्यादा से ज्यादा भागीदारी को सुगम बनाने के लिए हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। केंद्र सरकार की इस पहल से सब्जियों की पैदावार करने वाले किसानों को उनके उत्पादों के अच्छे दाम मिलने की आशा जगी है। यह पहली निर्यात खेप उत्तर प्रदेश के कृषि निर्यात उत्पादों में विविधता लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

You might also like!


RAIPUR WEATHER