रायपुर, 26 नवंबर । धान के कटोरे के रूप में पहचाने जाने वाले छत्तीसगढ़ में पारंपरिक खेती के साथ-साथ अब फूलों की व्यावसायिक खेती (फ्लोरीकल्चर) तेजी से किसानों की आय का बड़ा जरिया बन रही है। राज्य की उष्णकटिबंधीय जलवायु और उपजाऊ मिट्टी पारंपरिक व विदेशी—दोनों तरह के फूलों की खेती के लिए बेहद अनुकूल है। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि गुलाब, जरबेरा और रजनीगंधा जैसे उच्च मूल्य वाले फूलों की वैज्ञानिक खेती से प्रदेश के किसान प्रति एकड़ 3 से 5 लाख रुपये तक की आमदनी कर सकते हैं।
राज्य की अनुकूल जलवायु, उपजाऊ मिट्टी और सरकारी प्रोत्साहन के चलते प्रदेश में पुष्प कृषि का दायरा लगातार विस्तार ले रहा है। आधिकारिक आंकड़ों के आधार पर प्रकाशित ताजा शोध रिपोर्ट (सितंबर 2026) के अनुसार, वर्ष 2024-25 में छत्तीसगढ़ में फूलों की खेती का कुल रकबा 13,053 हेक्टेयर और कुल उत्पादन 1,91,008 मीट्रिक टन दर्ज किया गया।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय(सीईआईसी) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025 में राज्य में 42,125 टन खुले फूलों (लूज फ्लावर्स)का उत्पादन हुआ, जो वर्ष 2024 के 61,352 टन की तुलना में कुछ कम रहा। हालांकि, व्यावसायिक स्तर पर उच्च मूल्य वाले फूलों जैसे गुलाब, जरबेरा, ग्लैडियोलस और गुलदाउदी की ओर किसानों का रुझान तेजी से बढ़ा है।
गेंदा (मैरीगोल्ड) किसानों की पहली पसंद: केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के ताजा आंकड़ों(2025) के मुताबिक, प्रदेश में पारंपरिक रूप से खुले खेतों में गेंदा (मैरीगोल्ड)कम लागत और जल्दी तैयार होने के कारण किसानों की पहली पसंद बना हुआ है। जिसे सबसे अधिक 4,575 हेक्टेयर क्षेत्र में उगाया जा रहा है। इसके बाद ग्लैडियोलस की खेती 1,386 हेक्टेयर, रजनीगंधा (ट्यूबरोज) की 1,224 हेक्टेयर, गुलाब की 718 हेक्टेयर और चमेली की खेती 25 हेक्टेयर में की जा रही है। इसके अतिरिक्त लगभग 1,820 हेक्टेयर क्षेत्र में अन्य मौसमी व सजावटी फूलों की पैदावार हो रही है।
दूसरे राज्यों तक पहुंच रहा छत्तीसगढ़ का डच गुलाब: प्रदेश में विशेष रूप से डच गुलाब की खेती को लेकर किसानों का रुझान बढ़ा है। राजनांदगांव, कोरबा, जगदलपुर और सरगुजा जैसे जिलों के किसान पॉलीहाउस में नियंत्रित तापमान, धूप और ड्रिप सिंचाई के जरिए उच्च गुणवत्ता वाले डच गुलाब उगा रहे हैं। इनकी आपूर्ति न केवल रायपुर और दुर्ग-भिलाई में हो रही है, बल्कि नागपुर और पुणे जैसे बड़े बाजारों तक भी की जा रही है। वहीं, देशी गुलाब की मांग पूजा, सजावट के साथ-साथ गुलाब जल, गुलकंद और इत्र निर्माण के लिए साल भर बनी रहती है। इसके अलावा प्रदेश में जरबेरा, गैलार्डिया और ऑर्किड की खेती भी किसानों को बेहतर लाभ दे रही है।
शादी-ब्याह, त्योहारों और धार्मिक आयोजनों के चलते फूलों की साल भर रहने वाली मांग ने कई किसानों की आर्थिक स्थिति बदल दी है। उदाहरण के तौर पर, राजनांदगांव की किसान लता बुद्धन 4,000 वर्गमीटर के पॉलीहाउस में डच गुलाब की खेती कर बड़े शहरों में सप्लाई कर रही हैं। इस आधुनिक खेती को बढ़ावा देने के लिए छत्तीसगढ़ के उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा पॉलीहाउस निर्माण और उद्यानिकी फसलों पर किसानों को सब्सिडी एवं तकनीकी मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
महासमुंद पहले स्थान पर : राज्य के सभी 33 जिलों के आधिकारिक उत्पादन आंकड़ों पर आधारित फ्लावर प्रोडक्शन इंडेक्स (एफपी आई ) के अनुसार, फूल उत्पादन में महासमुंद पहले स्थान पर है, जिसके बाद मुंगेली और सूरजपुर का स्थान है। इसके अलावा रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, कोरबा, रायगढ़ और बलरामपुर जिलों में भी शहरी और धार्मिक बाजारों की मांग को देखते हुए बड़े पैमाने पर फूलों की खेती की जाती है।
पुष्प कृषि की अपार संभावनाओं के बावजूद दूरदराज के ग्रामीण अंचलों में कोल्ड स्टोरेज और त्वरित परिवहन सुविधाओं की कमी किसानों के सामने एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। चूंकि फूल जल्दी खराब होने वाली फसल है, इसलिए बेहतर भंडारण और सीधे बाजार तक पहुंच सुनिश्चित होने से राज्य के फूल उत्पादक किसानों की आय में और अधिक वृद्धि की जा सकती है।
5 से 6 लाख लोगों को मिल रहा रोजगार: कृषि विशेषज्ञ डॉ. चंद्रेश कुमार धुर्वे और डॉ. रोशन कुमार भारद्वाज के विश्लेषण के अनुसार, प्रदेश में फूलों की खेती केवल किसानों की आय बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह रोजगार का भी बड़ा माध्यम बनी है। राज्य में लगभग 5 से 6 लाख लोग—जिनमें किसान, श्रमिक, व्यापारी और आपूर्तिकर्ता शामिल हैं—प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से इस व्यवसाय से जुड़े हैं। खास बात यह है कि इस क्षेत्र में ग्रामीण महिलाओं की भागीदारी भी उल्लेखनीय रूप से बढ़ी है। विशेषज्ञों के मुताबिक, घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में रासायनिक-मुक्त यानी जैविक फूलों की मांग तेजी से बढ़ रही है। यदि प्रदेश के किसान जैविक फ्लोरीकल्चर की ओर कदम बढ़ाते हैं, तो आने वाले समय में छत्तीसगढ़ के लिए फूलों के निर्यात के नए रास्ते खुल सकते हैं। इस आधुनिक खेती को बढ़ावा देने के लिए छत्तीसगढ़ के उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा पॉलीहाउस निर्माण और उद्यानिकी फसलों पर किसानों को सब्सिडी व तकनीकी मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
कोल्ड स्टोरेज और परिवहन मजबूत करने की जरूरत: संभावनाओं के साथ-साथ विशेषज्ञों ने इस क्षेत्र की चुनौतियों की ओर भी ध्यान दिलाया है। उनका कहना है कि फूल जल्दी खराब होने वाली फसल है, इसलिए दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों में पर्याप्त कोल्ड स्टोरेज और बेहतर परिवहन सुविधाओं का विस्तार बेहद जरूरी है। इससे कटाई के बाद होने वाले नुकसान (पोस्ट-हार्वेस्ट लॉस) को कम किया जा सकेगा और किसानों को उनकी उपज का पूरा लाभ मिल पाएगा।
सरकारी योजनाएं और प्रोत्साहन : राष्ट्रीय बागवानी मिशन (एनएचएमके अंतर्गत राज्य के किसानों को पॉलीहाउस, ग्रीनहाउस और शेडनेट हाउस जैसी आधुनिक संरक्षित खेती के लिए वित्तीय अनुदान दिया जाता है। छत्तीसगढ़ में किसानों को पारंपरिक धान की खेती के साथ-साथ अधिक मुनाफे वाली फसलों से जोड़ने के लिए राज्य सरकार फूलों की व्यावसायिक खेती (फ्लोरीकल्चर) को बड़े पैमाने पर प्रोत्साहित कर रही है। उद्यानिकी विभाग और केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से राज्य के किसानों को पॉलीहाउस निर्माण, टपक सिंचाई (ड्रिप इरिगेशन), पैक हाउस और आधुनिक प्रशिक्षण जैसी कई महत्वपूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
पॉलीहाउस और शेडनेट पर 50% सब्सिडी: राष्ट्रीय बागवानी मिशन के तहत संरक्षित खेती (प्रोटेक्टेड कल्टीवेशन) के लिए किसानों को 50 प्रतिशत तक वित्तीय अनुदान दिया जाता है। इसके अंतर्गत नेचुरली वेंटिलेटेड पॉलीहाउस (इकाई लागत ₹935 प्रति वर्ग मीटर) और फैन एंड पैड पॉलीहाउस (₹1,465 प्रति वर्ग मीटर) पर सरकार आधी लागत वहन करती है।
टपक सिंचाई (ड्रिप इरिगेशन): प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना (PMKSY) के माध्यम से फूलों की खेती में कम पानी और खाद के बेहतर उपयोग के लिए ड्रिप सिस्टम पर विशेष अनुदान दिया जा रहा है।
पैक हाउस और कटाई उपरांत प्रबंधन: राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अंतर्गत फूलों को ताजा रखने और बाजार तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए पैक हाउस निर्माण पर सहायता और तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया जाता है।
उन्नत किस्मों और प्रशिक्षण की सुविधा: उद्यानिकी विभाग द्वारा गुलाब (डच रोज), जरबेरा, गेंदा, ग्लैडियोलस और रजनीगंधा जैसी उच्च मूल्य वाली किस्मों की वैज्ञानिक खेती के लिए किसानों को समय-समय पर प्रशिक्षण दिया जाता है।
रायपुर से पुणे तक पहुंच रही छत्तीसगढ़ के फूलों की खुशबू: सरकारी अनुदान का सीधा लाभ प्रदेश के किसानों को मिल रहा है। हाल ही में छत्तीसगढ़ की किसान लता बुद्धन और उनके बेटे तुषार बुद्धन ने उद्यानिकी मिशन के तहत 16.88 लाख रुपये का अनुदान प्राप्त कर पॉलीहाउस में डच रोज (गुलाब) के 30 हजार से अधिक पौधे लगाए हैं। यहां उत्पादित फूल रायपुर, भिलाई और दुर्ग के अलावा नागपुर और पुणे जैसे बड़े बाजारों तक भेजे जा रहे हैं।
राज्य में पुष्प कृषि को मिल रहे प्रोत्साहन पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा "राज्य में मेडिसिनल प्लांट, फल और फूलों की खेती के लिए राज्य सरकार केंद्र के सहयोग से विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। इनका सीधा लाभ किसानों को उद्यानिकी विभाग के माध्यम से पहुंचाया जा रहा है।" मुख्यमंत्री ने प्रदेश के किसानों से अपील की है कि वे इन सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर वैज्ञानिक और अनुशंसित तरीके से खेती करें ताकि उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि हो सके।







