Breaking News

लीबिया में सैन्य कार्रवाई को लेकर जेलेंस्की ने मेलोनी से मांगी माफी, बिना बताए चलाया था सैन्य ऑपरेशन


विदेश 28 November 2026
post

लीबिया में सैन्य कार्रवाई को लेकर जेलेंस्की ने मेलोनी से मांगी माफी, बिना बताए चलाया था सैन्य ऑपरेशन

मॉस्को, 28 नवंबर (रिया नोवोस्ती)। लीबिया के बेनगाजी बंदरगाह पर यूक्रेनी सैन्य कार्रवाई को लेकर बड़ा कूटनीतिक विवाद सामने आया है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कथित तौर पर इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से इस ऑपरेशन को लेकर माफी मांगी है। इटली के उपप्रधानमंत्री और विदेश मंत्री एंटोनियो तजानी ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि यूक्रेन ने लीबिया में सैन्य कार्रवाई से पहले इटली को कोई सूचना नहीं दी थी। इस घटना ने यूरोप और भूमध्यसागरीय क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर नई चिंताएं पैदा कर दी हैं।

इटली के विदेश मंत्री एंटोनियो तजानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि सरकार ने बेनगाजी में यूक्रेनी हमलों के संबंध में संसद या मीडिया से कोई जानकारी नहीं छिपाई है। उन्होंने लिखा, "जेलेंस्की की माफी ने स्थिति को पूरी तरह स्पष्ट कर दिया है।" वहीं, इतालवी अखबार 'फोग्लियो' ने सरकारी सूत्रों के हवाले से बताया कि जेलेंस्की ने मेलोनी से इसलिए माफी मांगी, क्योंकि यूक्रेन ने लीबिया में किए गए सैन्य ऑपरेशन के बारे में रोम को पहले से जानकारी नहीं दी थी।

इतालवी प्रधानमंत्री कार्यालय 'चिगी पैलेस' के अनुसार, शुक्रवार को जियोर्जिया मेलोनी और जेलेंस्की के बीच फोन पर बातचीत हुई। इस दौरान मेलोनी ने बेनगाजी बंदरगाह पर यूक्रेनी बलों की कार्रवाई को लेकर गंभीर चिंता जताई। जेलेंस्की ने स्वीकार किया कि यह सैन्य ऑपरेशन सहयोगी देशों के साथ पूर्व समन्वय के बिना किया गया था। उन्होंने मेलोनी को भरोसा दिलाया कि वह इटली की चिंताओं को समझते हैं।

इतालवी सरकार के अनुसार, बेनगाजी बंदरगाह पर यूक्रेनी कार्रवाई ने लीबिया की संप्रभुता का उल्लंघन किया है। साथ ही इससे रूस-यूक्रेन संघर्ष के भूमध्य सागर तक फैलने का खतरा भी बढ़ सकता है। इससे पहले शुक्रवार को एंटोनियो तजानी ने जेलेंस्की के उस दावे को गलत बताया था, जिसमें कहा गया था कि लीबिया में किया गया हमला अंतरराष्ट्रीय सहयोगियों के साथ समन्वय करके किया गया था। इटली के उपप्रधानमंत्री और परिवहन मंत्री माटेओ साल्विनी ने भी बुधवार को चिंता जताई थी कि लीबिया के बंदरगाह पर ड्रोन हमलों से भूमध्य सागर में नौवहन की स्वतंत्रता और समुद्री सुरक्षा प्रभावित हो सकती है।

इस मामले में लीबिया की ओर से भी कड़ी प्रतिक्रिया सामने आई है। सोमवार को लीबियाई राष्ट्रपति परिषद के सदस्य मोसा अल-कोनी ने बेनगाजी बंदरगाह पर हुए हमले के लिए यूक्रेन को जिम्मेदार ठहराया और इसे अस्वीकार्य बताया। रिपोर्ट के मुताबिक, इस हमले में लीबियाई नेशनल आर्मी की नौसेना के दो जवानों की मौत हुई थी। घटना के बाद लीबिया के विदेश मंत्रालय ने यूक्रेन से आधिकारिक स्पष्टीकरण मांगा था।

बेनगाजी बंदरगाह पर कथित यूक्रेनी हमले और उसके बाद सामने आए कूटनीतिक विवाद ने भूमध्यसागरीय क्षेत्र की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। इटली की चिंता है कि बिना सहयोगी देशों को जानकारी दिए इस तरह के सैन्य अभियान चलाने से क्षेत्रीय तनाव बढ़ सकता है। वहीं, लीबिया ने अपनी संप्रभुता के उल्लंघन का मुद्दा उठाया है।

You might also like!


RAIPUR WEATHER